आभासी प्रमाणपत्र, जो दिवास्वप्न और स्वप्न देखने के सुख का अधिकार प्रदान करता है।
यह प्रमाणपत्र प्रमाणित करता है कि आप जीवन भर के लिए सार्वभौमिक स्वप्नदर्शी स्त्री-पुरुष समाज के सदस्य हैं।
इस विशेषाधिकार से प्रत्येक सदस्य को सदा के लिए निम्नलिखित अधिकार प्राप्त होते हैं : कविता या प्रेम के कारण दिवास्वप्न देखना। दूसरों का जीवन संकट में डाले बिना, कहीं भी सपने देखना या कल्पनाओं में खो जाना, और इसके लिए किसी को सफ़ाई न देना। पहले कभी न देखे गए सपने केवल आनंद के लिए देखना। हर दिन अपने जीवन का सबसे यादगार सपना देखने की आशा रखना। बच्चे की तरह सपने देखना, या इसलिए कि हम सचमुच बच्चे हैं। सुबह उठते ही, या दिन में किसी और समय, अपने सपनों की कहानी सुनाना। बच्चों की आँखों से अपने सपनों को पोषित करना। लोगों को हँसाने के लिए सपने देखना। विज्ञान, कलाओं और मानवता की प्रगति के लिए, खेलभावना, काव्यभावना अथवा मानवीय सरोकार से सपने देखना। कोमल आँसू जगाने के लिए सपने देखना। दिन भर अपने सपनों का स्मरण करना। उनका अर्थ समझ में न आए तो सिर न खपाना—बस उनके बारे में सपने बुनना। अपने सपने याद रह जाने की खुशी मनाना। सपने और दिवास्वप्न देखने के अपने अधिकार का सम्मान करना और दूसरों के अधिकार का भी। खेलते हुए सपने देखना। अपने अधिकांश सपनों को प्रकाश के पालने में झूलता हुआ मानना।
लेकिन इस प्रमाणपत्र के धारक का एक कर्तव्य भी है : दूसरों के सपने न तोड़ना। जब दूसरे अपने स्वप्न सुनाएँ तो उन्हें सुनना। याद रखना कि सपने कभी-कभी दुःस्वप्नों और उनके कारणों से बचने, या उनका सामना करने का उपाय खोजने में भी सहायक हो सकते हैं। अपने पीछे स्वप्नों के निशान छोड़ने का आभास देना, जैसे फूल अपनी सुगंध छोड़ जाते हैं। जिन्होंने जागने पर अपने सपने भुला दिए हों, उनके मन में क्षणभर उदासी की छाप छोड़ना, फिर उन्हें चुपके से मुस्कान देना। छोटे स्वप्नदर्शी बच्चों जैसी विनम्रता बनाए रखना। किसी को दिवास्वप्न में डूबा देखकर आँखों ही आँखों में धीरे से अभिवादन करना। बच्चे की तरह सपने देखने के निर्विवाद अधिकार की पुष्टि करना।
आज प्रदान किया गया!
सदस्य हमारा ध्येय-वाक्य कभी न भूलें : « यदि स्वप्न एक प्रकाश है, तो दिवास्वप्न एक छोटी रात्रि-दीपिका है। » सार्वभौमिक स्वप्नदर्शी स्त्री-पुरुष समाज आपको यह प्रमाणपत्र उस किसी भी स्वप्नदर्शी को देने की अनुमति देता है जिससे आपकी मुलाक़ात जागती आँखों के सपने में हो, या जो आपके निकट हो।
यह प्रमाणपत्र उस व्यक्ति को भी दिया जा सकता है जिसके बारे में आपने सपना देखा हो, या जिसने आपसे कहा हो कि उसने आपके बारे में सपना देखा था।
प्रदान किया गया —
इस दिनांक को
द्वारा
इस पाठ का एकमात्र लेखक मैं स्वयं हूँ। सी. एफ़.