स्वर्ग में उड़ानें अब बहुत नीचे उतर आई थीं। रोज़ दे वाँ की टुकड़ियाँ, पूरे सींग फैलाए, बिना किसी बाधा या प्रतिरोध के आगे बढ़ रही थीं। नारकीय जीवों को छोड़कर न कोई उड़ता था, न तैरता था, न चलता था। एक मच्छर तक नहीं। न देवदूत, न संत। अपवाद था केवल वह छोटा दल, जो पृथ्वी वाले ईडन-उद्यान में मौजूद था…
— अरे! दूर से आती वह दबी-दबी, क्रूर खिलखिलाहट सुनाई दे रही है? आँरी ने कहावतें गढ़ने वाले की सीख बीच में काटकर अचानक पूछा।
फिर कान के पीछे हथेली का प्याला बनाकर उसने मर्लिन की ओर देखा, मानो उसे भी सुनने का इशारा कर रहा हो। वे दोनों उन आवाज़ों से भयभीत लग रहे थे जो लगातार स्पष्ट होती जा रही थीं और जिनमें दानवी खनक थी।
— मुझे कुछ असामान्य आवाज़ें सुनाई दे रही हैं… मेरे अपहरण के बाद इतना समय गुज़र चुका है कि देवदूत अवश्य सतर्क हो गए होंगे। मगर ये तो क्रूर हँसी की आवाज़ें हैं, मर्लिन ने घबराते हुए कहा।
टोंटों माक्सीम के मुरझाए चेहरे पर निराशा और क्रोध की छाया उभरी।
— आपका अपहरण हुआ था? ऐसा करने का दुस्साहस किसने किया? उस संकर प्राणी ने भड़ककर पूछा, यद्यपि वह स्वयं को रोकने में सफल रहा।
— मैंने, आँरी ने सादगी से स्वीकार किया, क्योंकि वह समझ गया था कि बच निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा है।
अपने बचाव में उसने कहा कि यह तो एक छोटी-सी भूल थी… निर्णय लेने में चूक। मगर इसके अलावा, और सबसे बढ़कर, उसे एक ऐसे पादरी ने शाप दिया था जो धार्मिक अनुष्ठान में इस्तेमाल होने वाली शराब पचा नहीं पाता था—खासकर घटिया शराब!
टोंटों माक्सीम ने अपने छोटे पंजे से चोंच को बार-बार हल्के से रगड़ा, मानो इससे परिस्थिति पर बेहतर ढंग से सोच पाएगा।
— आपका न्याय करना मेरा काम नहीं, श्रीमान आँरी। क्या आप जानते हैं कि हमारे सृष्टिकर्ता को कला से बेहद प्रेम है—और विश्वास कीजिए, किसी शौकिया कलाकार की तरह नहीं। मुझे कई बार उनकी उत्कृष्ट कृतियाँ देखने और, उससे भी अधिक, उनसे सीखने का अवसर मिला है। वे मौलिक रचनाएँ प्रदर्शित करते हैं, पर प्रतिलिपियाँ भी बनाते हैं—और सच कहूँ तो बहुत सुंदर। उनके काम को देखकर मैंने फैसला सुनाने के बजाय समझना सीखा। फिर, प्रवेश-द्वार के देवदूतों के विपरीत, मुझे दूसरों की गलतियों का आकलन करने की शक्ति भी नहीं दी गई है।
— आपकी सहानुभूति के लिए धन्यवाद, मगर अब आप मेरे साथ क्या करने वाले हैं? आँरी ने चिंतित होकर पूछा।
टोंटों माक्सीम उत्तर देने ही वाला था कि आलू के छिलके ने बीच में आकर उसे रोक दिया। वह बदहवास-सा चारों हाथ-पाँव के बल उनकी ओर बढ़ रहा था। उसके लुंज-पुंज, चिपचिपे पंख फड़फड़ाने की नाकाम कोशिश कर रहे थे।
उसकी दृष्टि तुरंत आँरी पर टिक गई।
— अब हम आपके विरुद्ध कुछ भी नहीं कर सकते, श्रीमान तूतरेक। आपने हमें पूरी तरह हरा दिया है! नरक स्वर्ग पर चढ़ आया है, उसे डुबो रहा है, उस पर शासन कर रहा है! हाय, कैसा अनर्थ! हाय, कैसा अनर्थ!!! देवदूत आलू के छिलके ने कठिनाई से उठते हुए पीड़ा भरे स्वर में कहा।
सौभाग्य से उसके पंखों पर शीरा बहुत कम लगा था। देवदूत प्रायः उड़कर ही चलते थे, इसलिए पैदल चलने की इस मजबूरी ने उसे चूर कर दिया था। फिर भी स्वर्ग की सारी थकान और उदासी उसे आँरी तूतरेक को खोजने से नहीं रोक सकी। उसे विश्वास था कि वह नाटा आदमी इस अचानक हुए दानवी आक्रमण की नारकीय साज़िश में शामिल था।
— आपने मुझे ढूँढ़ कैसे लिया? आँरी ने हैरानी से पूछा।
— आपके बनाए इनुक्शुकों में मैंने आपकी आकृति पहचानी और उन्हीं के निशान पर चलता आया।
— सुनिए, श्रीमान छिलके, मैं आपको कोई हानि नहीं पहुँचाना चाहता। मेरे यहाँ तक पहुँच जाने का अर्थ यह नहीं कि स्वर्ग पर हमला मैंने ही किया है, आँरी ने अपना बचाव किया। उसके मन में यह भी आशंका थी कि छोटे शैतान उसे खोज रहे होंगे।
— सच यह है कि रोज़ दे वाँ और उसकी सेना पूरे स्वर्ग में अव्यवस्था और दुःख फैला रहे हैं! फाटक!… वे फाटकों से भीतर घुसे! हम अपना कर्तव्य निभाने में विफल रहे! श्रीमान तूतरेक, आपकी जगह हमें ही सज़ा मिलनी चाहिए! हमें! देवदूत सिसकते हुए कह रहा था और अपनी साँस सँभालने का प्रयास कर रहा था।
सब लोग आतंक से जड़ हो गए, यहाँ तक कि आँरी भी, जिसे कभी स्वतंत्रता से स्वर्ग का आनंद लेने का सौभाग्य नहीं मिला था। इस स्तब्धता को मर्लिन ने तोड़ा और घायल देवदूत को सांत्वना दी।
— इसमें कुछ-न-कुछ दोष हम सबका है। मगर आपकी कैसी दशा हो गई है! अपमानित मत महसूस कीजिए। रोइए मत। स्वयं को सँभालिए, मर्लिन ने उसके पास घुटनों के बल बैठकर कोमलता से उसे उत्साहित करने की कोशिश की। सहानुभूति से उसके अपने आँसू देवदूत के बालों पर मोतियों की तरह गिर रहे थे और वह उन्हें धीरे-धीरे सहला रही थी।
— आधा हल्का हुआ दुःख सुख की राह खोलता है, टोंटों माक्सीम ने कमोबेश सफल एक नई कहावत गढ़ी। वह उस भारी निराशा की घड़ी में कुछ मरहम लगाना चाहता था।
— तूतरेक से कह दीजिए कि उन्हें भागने की ज़रूरत नहीं। वे यहीं अपने घर में हैं—नरक अब यहीं है, देवदूत ने सहानुभूति से भरी मर्लिन के कान में धीरे से कहा।
— आपके प्रति पूरा आदर रखते हुए कहता हूँ, छिलके, मैं नरक का पात्र नहीं हूँ। भले आप यह समझते हों कि इस गरमागरम अराजकता में बस जाना ही मेरा हक़ है और मुझे वहीं जाना चाहिए। मेरे लिए तो बस मर्लिन के साथ रहना मायने रखता है, तूतरेक ने सच्चे मन से कहा। उसने देवदूत की उदास फुसफुसाहट सुन ली थी।
— आपकी रखैल बनकर रहना मेरी कोई मजबूरी नहीं है। ख़ासकर अनंतकाल तक तो बिल्कुल नहीं, मर्लिन ने रूखे स्वर में कहा। अपने प्रेम-प्रार्थी और अपहरणकर्ता की आत्मा के इस अजीब, अडिग आग्रह को समझ पाना उसके लिए और कठिन होता जा रहा था।
क्या राक्षसों की उपस्थिति से अभिशप्त स्वर्ग की परिस्थिति ने उसे अचानक इतना कठोर बना दिया था?
— आप फिर वही बात शुरू तो नहीं करने वालीं! आँरी ने पलटकर कहा।
चीज़ों को सहज रूप से समझ पाने की क्षमता ने उसकी बुद्धि और पैनी कर दी थी। अब वह बेहतर सोच रहा था। उसे मालूम था कि कुछ बातें उसे सिद्ध करनी हैं और कुछ के लिए क्षमा भी पानी है। इसीलिए, अपने को योग्य साबित करने की स्वार्थमिश्रित इच्छा से वह अपने सारे साधन जुटा रहा था।
— चलिए, उनसे लड़ें! उन राक्षसों, उन ड्रैगनों को नष्ट कर दें! उसने अप्रिय आवाज़ों की दिशा में हर ओर उँगली उठाते हुए घोषणा की, मानो स्वयं डॉन किहोते हो।
उसका यह प्रयास देवदूत को चकित कर गया, जो धीरे-धीरे शक्तियाँ वापस पा रहा था। जो दृश्य उसने देखे थे, उनका वर्णन करने के बाद उसे लगा था कि आँरी तूतरेक या तो बचकर निकल जाएगा या उलटे उसी पर हमला कर देगा। मगर आँरी ने इनमें से कुछ नहीं किया। वह परीक्षा में खरा उतर रहा था।
— इन काँटे जमा करने वाले शैतानों की ख़ुशी का शोर सुनिए! लगता है वे जल्द ही जश्न मनाने वाले हैं। उस मौके का फ़ायदा उठाकर हम उनमें से कुछ की अच्छी-ख़ासी धुनाई कर सकते हैं। छापामार लड़ाई छेड़ने का क्या विचार है? उस प्रतिनायक ने सुझाव दिया।
देवदूत के होश कुछ लौटे तो वह टोंटों माक्सीम को गौर से देखने लगा। उसका शरीर उसे अधिकाधिक उलझन में डाल रहा था।
— हम जानना चाहेंगे कि क्या आप नरक से दलबदल करके आए हैं? उसने आश्वस्त होने के लिए बिना किसी नज़ाकत के पूछ लिया, हालाँकि इससे वातावरण बिगड़ सकता था।
— देवदूत नारियल छिलके समेत थोड़े ही खाते हैं! मेरा नाम टोंटों माक्सीम है। मैं समझ नहीं पाता कि आपको किस बात ने अनाज… क्या कह रहा हूँ?! नाराज़ किया है। आप भी कम नहीं: अपने बारे में ऐसे बोलते हैं मानो आप कई व्यक्ति हों। आत्मपरीक्षण कैसे करते हैं? कहते हैं, « हमसे भूल हो गई… » या « मैंने अहंकार का अपराध किया »?
— ऐसे अवसरों पर हम अपने बारे में तीसरे पुरुष में बोलते हैं। हम « वह » शब्द का प्रयोग करते हैं। फिर कहते हैं, « उससे छोटी-सी भूल हो गई… » देवदूतों की परिषद को लगा था कि इससे पछतावे और अपराधबोध से बच सकेंगे। मगर यह त्रासदी अब ऐसी प्रलय बनती जा रही है कि ज़िम्मेदारी से बचना असंभव है, छिलके ने अपना चेहरा दूसरी ओर मोड़ते हुए उत्तर दिया, ताकि एक आँसू पोंछ सके।
दर्द, परिस्थिति की गंभीरता और बुरी हालत वाले पंखों के बावजूद देवदूत ने उस छोटे आदमी को हँसी से भरी आँख मारी। वह आँरी की भोली मगर साहसी उतावली को हास्य के सहारे प्रोत्साहित करना चाहता था।
तभी टोंटों माक्सीम ने झटपट एक चौंकाने वाला सुझाव रखा—बल्कि ऐसा प्रस्ताव, जिसकी कल्पना भी कठिन थी।
— हम चारों मेरे घर में, उस विशाल मुँह में… क्या कह रहा हूँ?! उस शून्य में शरण लेंगे।
— हम!… हमें तो पता ही नहीं था कि शून्य का अस्तित्व भी होता है! हम… हम… स्तब्ध देवदूत हकलाया।
— क्या यह बहस में समय गँवाने की घड़ी है? यहाँ से बचने के लिए हमारे पास कोई चमत्कार नहीं है! मर्लिन और आँरी ने एक साथ फिर जल्दी से कहा।
— मेरी बड़ी चक्की में… क्या कह रहा हूँ?! मेरे बड़े मुँह में! जल्दी।
— आपके मुँह में? संकट में फँसे तीनों साथी हैरान रह गए।
— क्यों? क्या आपको मेरा मुँह काफ़ी बड़ा और स्वागतशील नहीं लगता? मैं अपने मन को एकदम खाली कर दूँगा, ताकि शून्य के निकट पहुँच सकूँ। आप सब मेरे मुँह में कूद पड़ेंगे। फिर मैं पिछवाड़े से स्वयं को भीतर से बाहर पलटना शुरू करूँगा, टाँगों… क्या कह रहा हूँ?! पंजों को भी नहीं भूलूँगा। उसके बाद दम घुटने से बचते हुए अपनी किस्मत… क्या कह रहा हूँ?! अपने शरीर के बाकी हिस्से को भी उलटता जाऊँगा—चोंच तक, जिसे सबसे अंत में उलटूँगा। आख़िर में, जब मैं कुछ भी नहीं रह जाऊँगा, हम शून्य के केंद्र में होंगे। जहाँ मैं ग़ायब हुआ था, वहाँ धूल के एक अत्यंत सूक्ष्म कण जितना छोटा-सा छेद रह जाएगा। घबराइए मत! भले ही मैं अपने दिमाग़ को खाली कर दूँ, मेरी सहेली क्लारेंस तो रहेगी। वह मेरे सिर की छत पर रहने वाली नन्ही मकड़ी है… जब हम एक अथाह गर्त बन चुके होंगे, वह उस छोटे छेद पर जाला बुन देगी, ताकि मैं करछुलें… क्या कह रहा हूँ?! मक्खियाँ न निगल जाऊँ। इसी को मैं अपनी ज़िरगुई कहता हूँ!
तीनों मंत्रमुग्ध थे, लेकिन आँरी में अब भी टोंटों माक्सीम को छेड़ने और उलझाने का साहस बचा था।
— समझ गया। यह तो मोज़ों को उलटकर गेंद बनाते हुए रखने जैसा है।
— मेरे पास पेट ही नहीं है! मेरे भीतर सब वीर… क्या कह रहा हूँ?! सब वीरान, सब खोखला है। ऐसा खालीपन जिसकी थाह नहीं। सच तो यह है कि जब मैं शून्य में होता हूँ, तो अपनी उपस्थिति से उसके खालीपन को पोसता हूँ। और बदले में उसी के खालीपन से अपना पोषण करता हूँ। ख़ासकर तब, जब मेरा अस्तित्व दिखाई देता है—जैसे अभी आपके सामने।
— बड़ी उलझी बात है!… तो उस शून्य में हम अनुपस्थित होंगे या उपस्थित? मर्लिन जानना चाहती थी; चिंता में मानो उसकी आत्मा खुजला रही थी।
— आप होंगे भी और नहीं भी; किसी एक अवस्था में पूरी तरह नहीं। हम आपस में होंठों… क्या कह रहा हूँ?! सपनों के माध्यम से बात करेंगे! शून्य के साथ निभाने का उपाय केवल सपना है, टोंटों माक्सीम ने अपनी पूरी तर्कशक्ति लगाकर समझाया।
— हम… हम उनके तेज़ क़दमों की आवाज़ पास आती सुन रहे हैं। हम… हमें आपकी बातें बहुत ज्ञानवर्धक और अद्भुत लगती हैं, लेकिन इससे भी ज़्यादा जानना चाहते हैं कि छिपने का अवसर कब मिलेगा, देवदूत काँपते हुए बोला।
— लगता है कि स्वर्ग का यह कोना सुरक्षित है। लेकिन कब तक? दानवों के झुंड देर-सवेर हमारी उपस्थिति भाँप लेंगे, मर्लिन ने व्याकुल स्वर में कहा। वह कठिनाई से परिस्थिति का विश्लेषण कर पा रही थी।
जवाब तत्काल मिला। बहुत पास से कर्कश और चीखती हुई आवाज़ें सुनाई दीं।
— बस, हो गया! अब अंत आ गया, उन्होंने हमें ढूँढ़ लिया! भयभीत मर्लिन ने धीमी चीख के साथ कहा।
— अभी! यही समय है, जब मैं आपको ले चलूँगा। इसके तुरंत बाद स्वयं को भीतर से बाहर पलट दूँगा। चलिए… कूदिए! डरिए मत! टोंटों माक्सीम ने आदेश दिया। पास से उठते शोर की हड़बड़ी में उसका मुँह खुला और उसकी असाधारण फैलने की क्षमता प्रकट हो गई।
शून्य के उस संकर पहरेदार का मुँह, सचमुच, बहुत बड़ा था… कुछ शिष्टाचार निभाए गए, किसी ने हिचक दिखाई, किसी को निगले जाने का डर हुआ… मगर जैसा मर्लिन ने कहा, जो शून्य में शरण लेने वाली पहली थी:
— बाहर निकलने का बस एक ही मुँह है… Exit to nothing!
दूसरे नंबर पर देवदूत भीतर गया। वह भजन-पंक्तियाँ पढ़ता हुआ पश्चात्ताप से सिर हिलाता जा रहा था। सबसे आखिर में टोंटों माक्सीम के मुँह में कूदने वाला आँरी था। बहादुरी दिखाने के लिए उसने सीटी बजाई, यह सोचकर कि वह मर्लिन को प्रभावित करेगा, हालाँकि वह अब उसे सुन नहीं सकती थी। फिर टोंटों माक्सीम ने स्वयं को भीतर से बाहर उलट लिया।
यह पलायन ऐन समय पर सफल हुआ।
कुछ ही सेकंड बाद नरक के सबसे घिनौने जीवों में से अनेक दानव ईडन के पृथ्वी-उद्यान में घुस आए। वे इनाम के लालची शिकारियों की तरह हर दिशा में दौड़ रहे थे।
अपने अनुचरों के कंधों पर सवार रोज़ दे वाँ किशोर जैसी बकरदाढ़ी के नीचे मुस्कराता हुआ अहंकार से दहाड़ रहा था। कहते हैं, समय बहुत कुछ मिटा देता है। मगर इतना भी?! रोज़ उस ईडन-उद्यान को पहचान तक न पाया, जहाँ युवावस्था में वह किसी विश्वसनीय-से दिखने वाले सरीसृप का भेस धरकर आया करता था।