सबको सपना आने में बहुत कम समय लगा। और सबने एक ही चीज़ का सपना देखा: 'अब आगे क्या?'
इतने सारे लोग! यह दूसरी बार था जब शून्यलोक ने यात्रियों का स्वागत किया था, लेकिन पहली बार इतने विशाल जनसमूह का।
फिर आँरी ने स्वर्ग को फिर से जीतने की योजना में देरी कर सकने वाले विस्तारों में गए बिना परिस्थिति का सार प्रस्तुत किया। उसने धीरे से कहा, मानो सभी आत्माओं तक अपनी आवाज़ नहीं पहुँचाना चाहता हो।
— मेरा अनुमान है कि नरक में अब एक भी शैतान नहीं बचा। जिस नरक की हम कल्पना करते थे, वह अब उस रूप में है ही नहीं। टोंटों हमें स्वर्ग में उतार देगा। वैसे भी हमारे इन नए मित्रों ने नरक में इतना समय बिताया है कि उनके सारे अपराधों का प्रायश्चित हो चुका होगा। और जैसा कि हमारे समय के एक प्रसिद्ध व्यक्ति ने कहा है, 'मैं कौन होता हूँ किसी का न्याय करने वाला?' टोंटों की कृपा से हम स्वर्ग से निर्वासित सभी लोगों को भी लौटा रहे हैं। अब हम शैतान की उस भयानक सेना का सामना करेंगे। लेकिन हम बिल्कुल अकेले नहीं हैं। याद रखिए, जिन आत्माओं को हमने बचाया है, वे रोज़ दे वाँ और उसके साथियों के बचाव में तो खड़ी होने से रहीं।
— मेरे हिसाब से यह एक बहुत बढ़िया 'विचा'… मैं क्या कह रहा हूँ?!… विचार है!
मर्लिन ने उदास मन से जोड़ा:
— एक बात नहीं भूलनी चाहिए: वे अब भौतिक वस्तुओं से जुड़ी लुभावनी इच्छाओं का शिकार नहीं बन सकते। वे निश्चित ही प्रेम के घोर अभाव वाले नरक में फिर से लौटना नहीं चाहेंगे!
— कल्पना कीजिए, एक द्वीप पर अरबों रॉबिन्सन क्रूसो हों और हर कोई अपने 'फ़्राइडे' के साथ सप्ताहांत बिताना चाहता हो, मगर किसी को उसका फ़्राइडे कभी मिले ही नहीं, आँरी ने अपने अजीब सपने में जोड़ा।
— हमें यह सब दिखाई देता है और बेहद दुखद लगता है। लेकिन अगर ईश्वर ने ऐसा ही तय किया हो… सपने में बुदबुदाया वह देवदूत, जो ख़ुद भी ‘आलुओं में उलझा’ हुआ था।
— क्या आपने कभी ईश्वर को देखा है? आँरी ने पूछा।
— नहीं। शुरू से ही उन्होंने सारे काम मन के संचार से दूसरों को सौंप दिए। वे सचमुच बहुत व्यस्त थे। और यह सब उनके लिए उतना ही नया था, जितना हमारे लिए।
— मैंने तो उन्हें देखा है!
— आपने?… टोंटों!
— हाँ, और मुझे विश्वास है कि वह परम सत्ता यह सब कभी स्वीकार न करती। पर एक बात बताइए, इतना सब जो इस समय 'थक' रहा है… मैं क्या कह रहा हूँ?! घट रहा है… उसमें वे कहीं दिखाई क्यों नहीं दिए?
— वे कैसे दिखते हैं? हम सब जानना चाहते हैं।
— भले ही मैं आपको मूली… बताऊँ… क्या कह रहा हूँ?! बता भी दूँ, तो क्या! वे कभी-कभी अपना रूप बदल लेते हैं।
— हो सकता है वह महान पूर्णतावादी एक और बेहद व्यस्त सप्ताह के बाद आराम कर रहे हों, मर्लिन ने सपने में कहा।
क्या आँरी तूतरेक अब सचमुच एक वीर योद्धा बन गया था? उसने और भी बहुत-सी बातों के सपने देखे; इस बार इतनी ऊँची आवाज़ में कि सभी सुन सकें।
— …मकसद है रोज़ के तमाम सहायकों, उन घिनौने नन्हे शैतानों का ध्यान भटकाना, जो बुराई के सघन पुतले हैं। संभवतः उनकी विजय-यात्रा अभी समाप्त भी नहीं हुई, क्योंकि इस परलोक का विस्तार मापना असंभव है।
शून्यलोक में हर कोई योगदान दे रहा था—कोई विचार, कोई पूरक योजना, कोई नई चाल सुझाता। केवल वह विलक्षण सौंदर्य वाली अश्वेत स्त्री ऐसा नहीं कर रही थी। हाथ में वूडू गुड़िया लिए वह फिर से अपने आत्मिक साथी को ढूँढ़ने लगी थी।
इधर स्वर्ग में हाहाकार मचा हुआ था। वहाँ अभी तक मौजूद अच्छाई के सेवक—देवदूत हों या आत्माओं के अर्धांश—किसी न किसी रूप में नरक की सेनाओं की यातना सह रहे थे।
जनरल रोज़ का आक्रमण जारी था। मनोरंजन के लिए उसने स्वर्ग में रखी ईश्वर की कलाकृतियों को इधर-उधर करना शुरू किया। उस सुंदर स्थान में, जो अब विपत्ति और उदासी का दृश्य बन गया था, वह उन्हें जहाँ-तहाँ बिखेर रहा था।
रोज़ ने उन कलाकृतियों में बड़े बदलाव किए। उदाहरण के लिए लियोनार्दो दा विंची के 'अंतिम भोज' की प्रतिकृति। सदियों से यह चित्र उसके दिल में काँटे की तरह चुभता था! उसे यह संयोग कभी नहीं सुहाया कि वह महान इतालवी कलाकार के यहूदा जैसा दिखाई देता था। टेम्परा रंगों से बने इस भित्तिचित्र ने उसे बहुत लंबे समय से बेचैन कर रखा था। उसने ईसा के चेहरे पर बारीक और जटिल परिवर्तन करके उसे फीकापन और रक्तहीनता दे दी। अब रंग-रूप और आकृति से ईसा का चेहरा बिल्कुल रोज़ से मिलता था। विडंबना नहीं तो क्या? आख़िर कहते भी तो हैं कि शैतान बारीकियों में छिपा होता है!
और उसी चित्र में यहूदा को बदलने के बाद उसका चेहरा आँरी तूतरेक जैसा दिखने लगा। विचित्र!…
जहाँ भी रोज़ किसी मूर्ति, चित्र या अन्य वस्तु में फेरबदल करता, वहाँ साम्राज्य के पतन से पहले की उच्छृंखलता जैसे अंतहीन उत्सव छिड़ जाते।
उसने रोमन रथों की दौड़ तक आयोजित करवाई। भयानक शैतान रोमन शताधिपतियों का वेश पहने, दौड़ के लिए सवारी बनाए गए देवदूतों पर बैठते और रथों में जुते संतों के दलों को बेतहाशा कोड़े मारते हुए प्रतियोगिता करते।
रोज़ चाहता था कि ईसाइयों को शेर और दूसरे हिंसक पशु खा जाएँ। मगर स्वर्ग के पशु आक्रामक नहीं होते थे, और उसके काले जादू का उन पर प्रभाव नहीं पड़ता था। इसलिए उस खेल की जगह साँड़-युद्ध का तमाशा रखा गया, जिसमें संतों को साँड़ बनाया गया। राक्षस अपने त्रिशूल वैसे चलाते, जैसे साँड़-युद्ध में पिकादोर भाले चलाते हैं।
अनंत काल में और आगे बढ़ने से पहले, ईश्वर की कलाकृतियों को स्थानांतरित करके और उनमें फेरबदल करके मनाए गए जश्न के अंत में वे ‘घास फूँकते’ थे। सच तो यह है कि वह घास के तिनकों की आभा का धुआँ था… जनरल के गुर्गे हमेशा इन उत्सवों का समापन अत्यंत उच्छृंखल, शैतानी भोगोत्सव से करते थे।
और कैसा भोगोत्सव! कहा जा सकता था कि वे अति करते हुए स्वयं परमात्मा को ही खा रहे थे। सफेद नदी के आध्यात्मिक अमृत को वे ऐसे पीते जैसे वह साधारण पवित्र जल हो। शैतान पवित्र स्त्रियों की सहमति के बिना उनके साथ जबरन यौन कृत्य करते थे।
देवदूतों को रोज़ के अनुयायियों के साथ पोकर खेलने को भी मजबूर किया जाता, मगर वे हर बार अपने पंख तक हार बैठते… करूब देवदूतों की एक टोली बेली डांस करती। हर एक की नाभि में पुदीने की आइसक्रीम का छोटा-सा गोला रखा होता। उसे उन्हीं करूबों ने बनाया था, जो बड़े चटोरे और कुशल रसोइए थे।
उनका नृत्य तब समाप्त होता जब मिठाई पिघल जाती।
ईश्वर की कलाकृतियों का रूप और स्थान बदलने में जनरल को कुछ ही क्षण लगते। अब यह उसके लिए अनंत चलने वाला उत्सव बन गया था। रोज़ दे वाँ का युद्ध स्वयं नरक से भी अधिक नरक जैसा था। उसकी सेना क्रूरतापूर्वक आगे बढ़ती रही। वह स्वयं, इन बार-बार होने वाली शोरगुल भरी और अंततः नीरस दावतों से कुछ ऊब चुका था, इसलिए अकेला ही नई खोज पर निकल पड़ा।
ऐसे ही एक भोगोत्सव के बीच, जहाँ दुष्ट प्राणी अपेक्षाकृत कम थे, टोंटों ने अपना मुँह खोलकर पूरे समूह को उतार दिया। उससे एक भारी भीड़ बाहर निकली, जो अब बुराई के प्रभाव से सुरक्षित थी। टोंटों माक्सीम ने इतना समय मुँह खुला रखा कि सब लोग केवल एक मिनट में निकल आएँ। नरक से सीधे बचाकर लाई गई असंख्य आत्माएँ चारों ओर फैल गईं। सबसे पहले मर्लिन, आँरी, आलू के छिलके और वह अश्वेत वीनस निकले।
लेकिन वहाँ उन्होंने स्वर्ग की कुछ ऐसी आत्माएँ देखीं जिन्हें नरक नहीं भेजा गया था। वे सामने ज़मीन पर लगभग निश्चल पड़ी थीं, आँखें बंद थीं और अत्यंत भयंकर मतिभ्रम में तड़पते हुए बेसिर-पैर की बातें कर रही थीं।
कुछ राक्षस, जो अब निष्क्रिय हो गए थे, अपने अनुपस्थित स्वामी रोज़ के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहे थे। न वे बुराई कर रहे थे, न भलाई; बस इधर-उधर भटक रहे थे। राक्षस और छोटे शैतान कमज़ोर करूबों का पीछा तक नहीं कर रहे थे। सचमुच कुछ नहीं, क्योंकि आदेश ही नहीं मिल रहे थे। क्या प्रतियोगिता खत्म हो चुकी थी? अब किसी को रोज़ की पूँछ की भी परवाह नहीं रही थी।
दरअसल… अपने एकांत अभियान में सेनापति को स्वर्ग के एक कोने में एक गुफा मिली थी। काँच से बने विशाल डोल्मेनों ने उसे छिपा रखा था। यह देहाती भूलभुलैया उसे मेले के शीशों और विकृत प्रतिबिंब दिखाने वाले दर्पणों के गलियारों की याद दिलाती थी। भीतर घुसने पर रोज़ को एक अद्भुत पारदर्शी कंप्यूटर मिला। उसने बिना कुछ पूछे उसे अपने कब्ज़े में ले लिया। आराम से बैठकर उसने तय किया कि अब… अपने दिमाग़ से कुछ काम लिया जाए।
क्या यह कोई भौतिक वस्तु थी, जिसे ईश्वर अवकाश के क्षणों में इस्तेमाल करते थे?
'शैतान होने से क्या होता है, थोड़ा आराम करना और मन बहलाना तो हमें भी पसंद है,' उसने अपने भद्दे ढंग से सोचा।
उस मशीन की असाधारण विशेषता थी कि वह दूर बैठे किसी भी स्वप्न देखने में सक्षम प्राणी को सुला सकती थी। इससे भी बढ़कर, वह सबके सपने देख ही नहीं, बल्कि लिख भी सकती थी। जैसे किसी प्रोग्रामिंग सॉफ़्टवेयर से जुड़ा वीडियो गेम। रोज़ के लिए यह मनोरंजन का अक्षय भंडार बन गया। मशीन में फेरबदल करके उसने डरावने दुःस्वप्न पैदा करने का तरीका भी खोज निकाला। इस तकनीकी बदलाव के पहले शिकार स्वर्ग के वे निवासी बने जिन्हें मर्लिन, आँरी और आलू के छिलके ने अभी-अभी ज़मीन पर पड़ा देखा था। लेकिन रोज़ यहीं नहीं रुका… उसने अपनी दुष्टता पृथ्वी के सभी जीवित लोगों (और अन्य जगहों के प्राणियों) तक फैला दी। जो भी सपना देख सकता था, उसे वह क्रूर दुःस्वप्न दिखाने लगा।
सौभाग्य से रोज़ दे वाँ की नज़र उन शरणार्थियों पर नहीं पड़ी थी जो अभी-अभी नरक से निकले थे। शून्यलोक और टोंटों माक्सीम ने उन्हें अलग-थलग रखकर सुरक्षित कर दिया था। इसलिए वह उनके सपनों में दुःस्वप्न रचकर उन्हें यातना नहीं दे सका।
उस अद्भुत उपकरण की मदद से रोज़ अतीत में भी पहुँच गया। उसने अतीत को दूषित कर दिया और उसका असर मनुष्यों के वर्तमान तथा भविष्य पर भी पड़ा। इस तरह जनरल ने हानिकारक प्रभाव उत्पन्न करने वाले प्रक्षेपणों की विधि ईजाद की और पृथ्वी पर विपत्ति फैला दी।
पहले मनुष्य अच्छे विचार सोचते थे और वे शुभ कल्पनाएँ साकार हो जाती थीं। लेकिन हानिकारक प्रक्षेपणों का उद्देश्य लोगों को यह यक़ीन दिलाना था कि अनिष्ट अवश्य होगा, फिर ऐसी परिस्थितियाँ बना देना था कि वही अनिष्ट घटित हो। इसके लिए रोज़ दे वाँ ने अतीत के कुछ मनुष्यों के सपनों में ‘भविष्यवाणियों’ की कथाएँ डाल दीं—जैसे कवि नॉस्त्रादामुस या पातमोस के उस सिज़ोफ्रेनिया-ग्रस्त व्यक्ति के सपनों में।
क्या रोज़ ने कंप्यूटर पर अत्यधिक बोझ डाल दिया था? उसकी गुंबदाकार स्क्रीन पर जोकर की लाल नाक जैसी एक वस्तु तेज़ी से इधर-उधर दौड़ रही थी।
शैतानों का सरदार इतना आनंद ले रहा था कि अनंत काल के बीतने का भी उसे भान न रहा। वह खेलता ही जा रहा था। मगर चमकते परदे को इतनी देर तक एकटक देखते-देखते वह लगभग अंधा होने लगा। नज़र कमज़ोर पड़ती गई, फिर भी घटिया शरारतें गढ़ने की उसकी धुन नहीं छूटी। वह परदे के और क़रीब झुका। इतना पास कि जोकर की लाल नाक जैसी दिखाई देने वाली लाल 'कैथोलिक कैथोड' ने उसका सिर खींचकर जकड़ लिया। सिर धड़ से बिल्कुल कटकर अलग हो गया। कुछ देर उसका सिर सपने से सपने तक घूमता रहा। लेकिन कंप्यूटर में अस्वीकार की गई चीज़ों का एक दराज़ भी था। उसी विशेषता के कारण रोज़ दे वाँ का दुःस्वप्न लगभग समाप्त हुआ। उसका सिर स्वयं हवा में तैरते हुए उस मशीन से बाहर निकल पाया।
— आखिर यह कैसी शापित मशीन है? रोज़ के कटे सिर ने स्वयं से पूछा।
संभव था कि उसका सिर अब अपने धड़ से कभी जुड़ न पाए। उधर उसका बिना सिर वाला शरीर टटोलता हुआ, कभी चारों हाथ-पैरों के बल, कभी खड़ा होकर, पूरी तरह दिशाहीन अवस्था में, बिना रक्त बहाए बड़ी कठिनाई से गुफा से बाहर निकल आया। उस दृश्य में गरिमा नाम की कोई चीज़ न थी।
गुफा के बाहर रोज़ का धड़ दुःस्वप्न झेल रही आत्माओं के बीच घूमता रहा। किसी राक्षस ने उसे नहीं पहचाना। सिर के बिना रोज़ दे वाँ सबकी आँखों से ओझल-सा था। राक्षस चालाक होते हैं, मगर बेहद मूर्ख भी।
वे अपने उस सरदार का पता खो चुके थे, जिसने सचमुच अपना सिर खो दिया था। अब वह सिर अपने धड़ की खोज में निकला। लेकिन कंप्यूटर ने खास उसी के लिए, किसी एंटीवायरस की तरह, एक अभिशाप बना दिया था। सिर और धड़ विपरीत दिशाओं में चल पड़े।